मस्जिद विवाद: मंडी में प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा निकाला
मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के जेलरोड़ स्थित मस्जिद को तोड़ने की मांग को लेकर शुक्रवार को बहुत से हिंदू संगठनों के लोग सड़कों पर उतरे और विरोध प्रदर्शन करके जहां मुस्लमानों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की वहीं नगर निगम, जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ भी अपना गुस्सा निकाला।
करीब साढ़े 11 बजे प्रदर्शनकारी सेरी मंच के पास एकत्रित हुए और उसके बाद पूरे शहर में एक जलूस निकालते हुए जमकर नारेबाजी करते हुए सुकोड़ी चौक के पास पहुंचे। यहां पुलिस ने पहले से ही बेरिकेडिंग की हुई थी और भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात था। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बेरिकेड्स पर चढ़कर उसे लांघने की कोशिश की तो वज्र वाहन के माध्यम से उनपर पानी की बौछारें की गई।
प्रदर्शनकारियों ने जब आगे बढ़ने की कोशिश की तो इस दौरान उनकी पुलिस कर्मियों के साथ हल्की धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने किसी भी प्रदर्शनकारी को बेरिकेड्स नहीं लांघने दिए। जैसे ही कोई बेरिकेड्स पर चढ़ने की कोशिश करता तो उसपर पानी की बौछारें डाल दी जाती थी। करीब डेढ़ घंटे तक यह सारा हंगामा बरपा रहा। बाद में उपायुक्त (डीसी) मंडी अपूर्व देवगन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी साक्षी वर्मा प्रदर्शनकारियों के बीच में गए और उनके कुछ लोगों के साथ वार्ता की, जिसके बाद यह प्रदर्शन धीरे-धीरे समाप्त हो गया।
डीसी ने मीडिया को दिए बयान में बताया कि उन्होंने प्रदर्शनकारियों से लिखित में अपनी बातें रखने की अपील की है जिसपर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मस्जिद के अवैध निर्माण को लेकर पहले से ही कार्रवाई की जा रही है। जो अवैध निर्माण है उसे खुद मस्जिद कमेटी की तरफ से तोड़ा जा रहा है। भविष्य में भी नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत जो कार्रवाई बनती होगी उसे किया जाएगा।
