21 को खत्म होगा सीजफायर, इससे पहले एक और स्थाई शांति की कोशिश
अमेरिका-ईरान के बीच फिर हो सकती है बातचीत
नई दिल्ली, अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम (सीजफायर) की समय सीमा 21 अप्रैल तक तय की गई है। इस बीच, दोनों देशों के बीच इस्लामाबाद में शनिवार को करीब 21 घंटे तक चली वार्ता बेनतीजा रही।
सीजफायर की डेडलाइन खत्म होने से पहले एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने बातचीत की संभावना तलाश रहे हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वार्ता फिर से शुरू करने की इच्छा जताई है, बशर्ते उन्हें लगे कि ईरान उनकी शर्तों पर विचार करने को तैयार है।
समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के मुताबिक, वॉशिंगटन और तेहरान 21 अप्रैल की समय सीमा से पहले अपने छह सप्ताह लंबे संघर्ष को समाप्त करने के लिए नई वार्ता पर विचार कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, बातचीत का अगला दौर गुरुवार को आयोजित हो सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मध्यस्थ देशों में से एक के राजनयिक ने संकेत दिया है कि दोनों पक्ष वार्ता को लेकर सहमत हो चुके हैं, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। संभावित बैठक इस्लामाबाद या जिनेवा में हो सकती है।
दोनों देशों के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे मुद्दों पर मतभेद बने हुए हैं, लेकिन राजनयिक स्तर पर समाधान की कोशिशें तेज हो गई हैं।
इस बीच, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वार्ता के दौरान कुछ प्रगति हुई है और ईरान ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। फॉक्स न्यूज से बातचीत में वेंस ने कहा, “हम यह नहीं कहेंगे कि सब कुछ गलत हुआ। कई मामलों में प्रगति भी हुई है।”
गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भी संकेत दिया है कि ईरान की ओर से समझौते की इच्छा जताई गई है। अब आगे की वार्ता में ठोस नतीजा निकलने की संभावना पर नजर बनी हुई है।
