July 4, 2026

हिमाचल प्रदेश में मानसून ने तबाही मचानी शुरू की, एनएच-5 बंद, कई वाहन क्षतिग्रस्त

शिमला,हिमाचल प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ते ही तबाही मचानी शुरू कर दी है। जनजातीय जिला किन्नौर में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 (एनएच-5) को पूरी तरह बंद कर दिया। वहीं लाहौल-स्पीति में उफनते जाहलमा नाले के कारण एक मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए बैकहो लोडर का सहारा लेना पड़ा।

किन्नौर के चोलिंग क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ अपने साथ भारी मात्रा में मलबा और दलदल लेकर आई, जिससे एनएच-5 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सड़क पर चल रहे कई वाहन मलबे में फंस गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। उपायुक्त (डीसी) डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि चोलिंग के पास सड़क से मलबा हटाने और फंसे वाहनों को निकालने के लिए भारी मशीनरी तैनात कर दी गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां राष्ट्रीय राजमार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने में जुटी हैं।

उधर, लाहौल-स्पीति जिले में जाहलमा नाले में आई बाढ़ के कारण लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। नाले पर बना पुल पहले ही क्षतिग्रस्त था और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा बनाई गई अस्थाई पुलिया भी तेज बहाव में बह गई। इसके चलते उदयपुर उपमंडल और पांगी घाटी का संपर्क प्रभावित हो गया।

इसी बीच उदयपुर उपमंडल के शेनुर गांव की रहने वाली शांति देवी को सीने में संक्रमण और सांस लेने में तकलीफ होने पर कुल्लू रेफर किया गया। जब एंबुलेंस जाहलमा नाले के पास पहुंची तो तेज बहाव के कारण आगे बढ़ना संभव नहीं था।

ऐसे में बीआरओ और पुलिस के जवानों ने साहस का परिचय देते हुए मरीज को स्ट्रेचर सहित बैकहो लोडर की मदद से उफनता नाला पार कराया। दूसरी ओर पहुंचने के बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू भेजा गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

बीआरओ ने गुरुवार सुबह नाले पर अस्थाई पुल बनाकर यातायात आंशिक रूप से बहाल कर दिया। उल्लेखनीय है कि मई में भूस्खलन के कारण जाहलमा पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद नए पुल का निर्माण कार्य जारी है। स्थानीय विधायक अनुराधा राणा ने उम्मीद जताई है कि इस महीने के अंत तक नया पुल तैयार हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *