करण जौहर के मेट गाला लुक ने खींचा सबका ध्यान
विंटेज जैकेट, 6 फुट लंबे केप और मल्टी-जेमस्टोन नेकलेस,
फिल्म निर्देशक करण जौहर ने अपने मित्र एवं मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन की गई एक विशेष पोशाक पहनकर मेट गाला में शिरकत की। जौहर पहली बार इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में शामिल हुए।
उनकी यह पोशाक प्रसिद्ध भारतीय चित्रकार राजा रवि वर्मा की कला से प्रेरित है। फ्रेम्ड इन इटर्निटी नाम की इस पोशाक में जौहर ने पावर-शोल्डर्ड विंटेज जैकेट के साथ करीब छह फुट लंबा हाथ से चित्रित केप पहना। इस पोशाक को तैयार करने में 80 से अधिक कारीगरों को करीब 85 दिन लगे। अपने लुक को पूरा करने के लिए जौहर ने खुद के आभूषण ब्रांड त्यानी का मल्टी-जेमस्टोन नेकलेस और अंगूठियां पहनीं। इस वर्ष मेट गाला का विषय कॉस्ट्यूम आर्ट है और ड्रेस कोड को फैशन इज आर्ट नाम दिया गया है।न्यूयॉर्क में आयोजित फैशन जगत के इस वार्षिक आयोजन की सह-अध्यक्षता बियॉन्से, वीनस विलियम्स, निकोल किडमैन और अन्ना विंटूर ने की। जौहर की पोशाक की हर तस्वीर महान भारतीय चित्रकार राजा रवि वर्मा की कृतियों से ली गई है। फिल्म निर्देशक ने कहा कि मेरा इरादा यहां आकर भारत को समझाना नहीं था। मैं बस वैसे आना चाहता था जैसा मैं हूं और जब इंसान खुद जैसा होता है तो अपनी मिट्टी की खुशबू अपने आप साथ ले आता है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से राजा रवि वर्मा के प्रशंसक रहे हैं।
जब यह पोशाक मेरे दिल को छूने लगी तो यह खुद-ब-खुद भारतीय हो गई क्योंकि मैं जो कुछ भी हूं, वो सब इसी देश की देन है। मेरी हर कहानी, हर फिल्म, हर भाव-सब यहीं से जन्मे हैं। राजा रवि वर्मा मुझे इसलिए सही लगे क्योंकि वह कैनवास पर वही करते थे जो मैं पर्दे पर करने की कोशिश करता हू-भावनाओं को जीवंत करना। मेट गाला उन्हें इस महान भारतीय चित्रकार को सम्मान देने के लिए सही मंच लगा।
