June 21, 2026

गाजा में इजरायल ने फिर किए हवाई हमले, छह लोगों की मौत

गाजा पट्टी, गाजा पट्टी में इजरायल ने शनिवार को एक बार फिर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए, जिनमें कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और समाचार चैनल अल जज़ीरा का एक कैमरामैन भी शामिल हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों ने हमलों में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी पुष्टि की है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, शनिवार तड़के करीब दो बजे गाजा सिटी में एक अपार्टमेंट को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया। हमले के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय पत्रकारों ने घटनास्थल पर खून से सने कंक्रीट के टुकड़े और मलबे के ढेर देखे।

हमले में 4 वर्षीय ज़िना और 14 वर्षीय लाना नामक दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों के शवों को शिफा अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया। उनके चचेरे भाई मोहम्मद सफादी, जो हमले में घायल हुए हैं, ने बताया कि हमला बिना किसी चेतावनी के हुआ। उन्होंने कहा, “मैं घर पर बैठा था, तभी अचानक रॉकेट आकर गिरा। मेरी पत्नी भी इस हमले में घायल हो गई।”

शनिवार शाम को हुए तीन अलग-अलग इजरायली हमलों में चार लोगों की मौत हो गई और कम से कम एक दर्जन लोग घायल हुए। अल-अक्सा अस्पताल के अनुसार, मध्य गाजा के बुरेइज शरणार्थी शिविर में एक घर पर हुए हमले में अल जज़ीरा के कैमरामैन अहमद विशाह सहित तीन लोगों की मौत हो गई। अल जज़ीरा ने भी विशाह की मौत की पुष्टि की है। उल्लेखनीय है कि उनके भाई मोहम्मद विशाह, जो अल जज़ीरा के रिपोर्टर थे, अप्रैल में एक अन्य इजरायली हमले में मारे गए थे।

नासेर अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दक्षिणी गाजा के मुवासी इलाके में स्थित बड़े टेंट कैंप पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए। वहीं, गाजा शहर में लोगों के एक समूह को निशाना बनाकर किए गए एक अन्य हमले में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। फिलिस्तीनी अधिकारियों का कहना है कि इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद गाजा में लगभग रोजाना हवाई हमले हो रहे हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक 1,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *