May 3, 2026

बच्चों के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होते हैं इंट्यूशन कार्यक्रम : उपायुक्त

ऊना, उपायुक्त ने शनिवार को विशेष बच्चों के आश्रय स्कूल, आश्रय स्कूल में आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित दस दिवसीय ‘आर्ट ऑफ़ लिविंग इंट्यूशन प्रोग्राम’ में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उपायुक्त ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आश्रय स्कूल विशेष बच्चों के लिए सराहनीय कार्य कर रहा है तथा इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनते हैं। उन्होंने कहा कि इंट्यूशन कार्यक्रम बच्चों के मानसिक, भावनात्मक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे प्रशिक्षण बच्चों के फोकस, आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को मजबूत बनाते हैं तथा जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए उन्हें सक्षम करते हैं।
उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के भीतर अपार संभावनाएं होती हैं, जिन्हें सही मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देकर नई दिशा दी जा सकती है। शिक्षा के साथ जीवनोपयोगी प्रशिक्षण एवं प्रेरणादायी गतिविधियां उनके समग्र व्यक्तित्व विकास की मजबूत आधारशिला बनती हैं। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के लिए इस प्रकार की गतिविधियां उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक सिद्ध होती हैं।
उपायुक्त ने आश्रय स्कूल प्रबंधन एवं आर्ट ऑफ़ लिविंग फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक और सकारात्मक कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जाना चाहिए, ताकि विशेष बच्चों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिल सके।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अमरजीत, हरजीत सिंह मनकोटिया, सुरेश ऐरी, पूनम लता सहित 30 बच्चों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *