July 28, 2026

शिलाई विस क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए उद्योग मंत्री ने की विभागीय समीक्षा

बरसात के मौसम में आमजन की सुरक्षा के लिए विभागों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

नाहन, उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान की अध्यक्षता में आज लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह, पांवटा साहिब में लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ शिलाई विधानसभा क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान शिलाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग एवं जल शक्ति विभाग से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों व लंबित परियोजनाओं तथा निर्माणाधीन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कार्यों की वर्तमान स्थिति से उद्योग मंत्री को अवगत कराया।
उद्योग मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकासात्मक परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक क्षेत्र तक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करते हुए लोगों को बेहतर सड़क, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से लोक निर्माण विभाग एवं जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से कहा कि दोनों विभाग सीधे तौर पर आम जनता की दैनिक आवश्यकताओं एवं सुविधाओं से जुड़े हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि विभागीय कार्यों का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में बरसात के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद हैं। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि भारी वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक एहतियाती एवं सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग सहित आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उद्योग मंत्री ने कहा कि सड़क मार्ग बाधित होने, पेयजल अथवा विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने जैसी परिस्थितियों में संबंधित विभागों को तत्काल बहाली के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत या आपदा संबंधी सूचना पर बिना विलंब कार्रवाई की जाए तथा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
बैठक से पूर्व उद्योग मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान लोगों ने सामूहिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के अतिरिक्त विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विकासात्मक मांगें उनके समक्ष रखीं।
उद्योग मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उनके समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े सभी उचित कार्यों एवं विकासात्मक मांगों को चरणबद्ध ढंग से शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इस दौरान एसडीएम पाँवटा साहिब द्विज गोयल, अध्यक्ष मार्केटिंग कमेटी सीता राम शर्मा, जिला परिषद् सदस्य खत्री सिंह ठाकुर, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पांवटा हरप्रीत सिंह रतन, निदेशक एसआईडीसी रमेश देसाईक, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग शिलाई योगेश शर्मा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति शिलाई पदम् प्रकाश, अवनीत सिंह लांबा, अश्विनी शर्मा, रामेश्वर शर्मा, ओएसडी अत्तर राणा सहित लोक निर्माण विभाग तथा जल शक्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *