भारत-इटली के संबंध निर्णायक दौर में पहुचे: पीएम मोदी- मेलोनी
रोम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी ने बुधवार को कहा कि भारत और इटली अपनी गहरी रणनीतिक साझेदारी और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत कर वैश्विक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि जॉर्जिया मेलोनी के साथ एक जॉइंट ओप-एड लिखा है, जिसमें भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय संबंध कैसे एक अहम मोड़ पर पहुंच गए हैं इसकी झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच का रिश्ता एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप है और इस बात पर यह मजबूत रिश्ता इनोवेशन, साझा डेमोक्रेटिक मूल्यों और भविष्य के एक कॉमन विजन के साथ मजबूती से चलता है।
उन्होंने एक्स पर लिखा- पीएम मेलोनी के साथ एक ओप-एड लिखा है कि भारत-इटली के संबंध कैसे एक अहम मोड़ पर पहुंच गए हैं। हमारी एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप है जो नवाचार, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और भविष्य के लिए एक समान दृष्टिकोण पर चलती है।
संयुक्त ओप एड में दोनों नेताओं ने माना कि द्विपक्षीय रिश्ते परिवर्तनकारी चरण में प्रवेश कर चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और इटली की पीएम मेलोनी ने लिखा- भारत और इटली के बीच संबंध अब एक निर्णायक दौर में पहुंच चुके हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के रिश्तों में अभूतपूर्व तेजी आई है और यह सौहार्दपूर्ण मित्रता से आगे बढ़कर स्वतंत्रता, लोकतंत्र और भविष्य को लेकर साझा विजन पर आधारित एक सच्ची स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप में बदल गए हैं।
उन्होंने रेखांकित किया कि भारत और इटली अपनी साझेदारी को मजबूत करने के लिए लगातार राजनीतिक संवाद और संस्थागत सहयोग पर काम कर रहे हैं।
ओप एड में आगे लिखा गया- ऐसे समय में जब अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था गहरे बदलाव के दौर से गुजर रही है, इटली और भारत की साझेदारी उच्च राजनीतिक और संस्थागत स्तर पर नियमित संवाद से आगे बढ़ रही है और अब एक नए तथा व्यापक आयाम हासिल कर रही है, जो हमारी आर्थिक गतिशीलता, सामाजिक रचनात्मकता और हजारों साल पुरानी सभ्यतागत समझ को साथ जोड़ती है।
दोनों शीर्ष नेता मानते हैं कि समृद्ध भविष्य और सुरक्षा का आधार इनोवेशन, एनर्जी ट्रांजिशन और रणनीतिक संप्रभुता ही होगी।
