June 25, 2026

वेनेजुएला में भूकंप से उत्पन्न मानवीय संकट के बीच भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ

कार्यवाहक राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को कहा धन्यवाद

नई दिल्ली, वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप से उत्पन्न मानवीय संकट के बीच भारत ने राहत और बचाव प्रयासों में हरसंभव सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से व्यक्त संवेदना और सहायता के आश्वासन का वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने स्वागत किया। उन्होंने भारत के प्रति आभार व्यक्त किया और इस कठिन समय में समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीएम मोदी की पोस्ट का जवाब देते हुए उन्होंने लिखा- हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भावनाओं का दिल से स्वागत करते हैं, उन्होंने हमारे देश में आए विनाशकारी भूकंप से मची तबाही को लेकर अपनी संवेदनाएं जाहिर कीं और भारत की ओर से राहत कार्यों में मदद करने की इच्छा जताई।

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- वेनेजुएला में आए भयंकर भूकंप से हुई तबाही से बहुत दुखी हूं। भारत के लोगों की ओर से मैं वेनेजुएला की सरकार और लोगों के प्रति, खासकर उन परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है।

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा- हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में सभी पीड़ितों के साथ खड़े हैं। भारत हर मुमकिन मदद देने के लिए तैयार है।

रोड्रिगेज तबाही से जुड़ा अपडेट लगातार दे रही हैं। उनके मुताबिक अब तक इस प्राकृतिक आपदा में 32 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो गई है।

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (यूएसजीएस) ने चेतावनी दी है कि इस आपदा में मृतकों की संख्या काफी बढ़ सकती है। इसके 10 हजार से एक लाख तक भी पहुंचने की आशंका है। न्यूज एजेंसी सिन्हुआ के रिपोर्टरों ने काराकस में भयंकर तबाही का अनुमान लगाया है। सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों में काराकस की सड़कों पर कई घर भरभरा कर गिरे देखे जा सकते हैं।

यूएसजीएस ने बुधवार शाम 2204 जीएमटी पर 7.1 तीव्रता के भूकंप की खबर दी। इसके ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का और भी तेज भूकंप आया। दोनों झटके काराकस से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में समुद्र किनारे के शहर मोरोन के पास आए।

भूकंप 10 किलोमीटर की गहराई पर थे, जिससे उनका खतरनाक असर और बढ़ सकता है। वेनेजुएला के गृह, न्याय और शांति मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने कहा कि तेज भूकंपों से देश भर के शहरों में नुकसान हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *