पंजाब कांग्रेस की नाराजगी दूर करने कल चंडीगढ़ पहुंचेंगे प्रभारी भूपेश बघेल
चंडीगढ़, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान वह पार्टी के नाराज नेताओं से मुलाकात कर संगठन के भीतर चल रही नाराजगी और मतभेदों को दूर करने का प्रयास करेंगे।
जानकारी के अनुसार, भूपेश बघेल का चंडीगढ़ दौरा पहले रविवार को प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब वह सोमवार को राजधानी पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बघेल अलग-अलग नेताओं से बातचीत कर उनकी नाराजगी दूर करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व पंजाब कांग्रेस में एकजुटता बनाए रखने और संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहा है।
भूपेश बघेल के इस दौरे को पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी हलचल के बीच काफी अहम माना जा रहा है। उनके नेताओं से संवाद के बाद संगठनात्मक स्तर पर कुछ महत्वपूर्ण फैसले भी सामने आ सकते हैं।
बता दें कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता सुखजिंदर रंधावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुके हैं वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने भी बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं के साथ मीटिंग करी थी। राजा वड़िंग के नेतृत्व को लेकर पार्टी के नेताओं में काफी नाराजगी चल रही है। वहीं ये भी सामने आया है कि बहुत से नेता राजा वड़िंग के नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। इस बीच पार्टी में साफ तौर पर गुटबाजी सामने आ रही है।
