आईएएस अधिकारी ने मंडल की आयुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया
वर्ष 2009 बैच की आईएएस अधिकारी श्रीमती मोनिका मलिक ने आज रोहतक मंडल की आयुक्त के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।रोहतक आगमन पर उपायुक्त सचिन गुप्ता सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा पुलिस टुकड़ी ने सलामी देकर सम्मानित किया।
महिला एवं बाल विकास, महिला सशक्तिकरण और बाल अधिकारों के क्षेत्र में समृद्ध प्रशासनिक अनुभव रखने वाली श्रीमती मोनिका मलिक पूर्व में हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सचिव, हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव तथा हरियाणा महिला विकास निगम लिमिटेड की प्रबंध निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
रोहतक मंडल की आयुक्त के रूप में वे विकास योजनाओं की समीक्षा, कानून-व्यवस्था की निगरानी, प्रशासनिक समन्वय तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति प्रदान करेंगी।रोहतक मंडल में उनके नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को और अधिक मजबूती मिलने की अपेक्षा है।
