राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल द्वारा ‘हिम रंग षष्ठी ग्रीष्मकालीन नाट्योत्सव’ का आयोजन
- – दो दिवसीय रंगोत्सव में प्रस्तुत किए जाएंगे चर्चित नाटक ‘ताजमहल का टेंडर’ एवं ‘बाबूजी’*
*धर्मशाला,, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल, नई दिल्ली, एवं भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से रंगोत्सव के दूसरे चरण का आयोजन 22 एवं 23 जून 2026 को धर्मशाला में करने जा रहा है।
यह रंगोत्सव अंतर रंग सभागार, राजकीय महाविद्यालय, धर्मशाला में आयोजित होगा, जहाँ प्रतिदिन सायं 5:00 बजे से नाट्य प्रस्तुतियाँ होंगी। सभी नाट्य प्रेमियों एवं आम दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
रंगोत्सव के अंतर्गत राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल अपनी दो चर्चित प्रस्तुतियाँ मंचित करेगा। 22 जून को दर्शक ‘ताजमहल का टेंडर’ का मंचन देख सकेंगे। अजय शुक्ल द्वारा लिखित इस लोकप्रिय व्यंग्य नाटक का संगीत निर्देशन श्री चित्तरंजन त्रिपाठी, निदेशक, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ने किया है। ताजमहल का टेंडर एक व्यंग्यात्मक नाटक है, जिसमें सशक्त संगीत के साथ कलाकारों की प्रभावशाली अभिनय-कला देखने को मिलती है। यह नाटक प्रहसन (फार्स) शैली में व्यवस्था और मानवीय प्रवृत्तियों के कुछ कमजोर पक्षों को उजागर करता है।
23 जून को रंगमंडल द्वारा ‘बाबूजी’ का मंचन किया जाएगा, जिसका निर्देशन राजेश सिंह, प्रमुख, रंगमंडल, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ने किया है। यह प्रस्तुति प्रभावशाली रंगभाषा, सशक्त अभिनय और संगीत के माध्यम से सामाजिक यथार्थ एवं मानवीय संबंधों के विभिन्न आयामों को अभिव्यक्त करती है।
हिमाचल प्रदेश में आयोजित हिम रंग षष्ठी ग्रीष्मकालीन नाट्योत्सव राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल के रंग षष्ठी समारोह का हिस्सा है, जो रंगमंडल की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस समारोह का शुभारंभ अगस्त 2024 में दिल्ली से हुआ था।
रंग षष्ठी समारोह के अंतर्गत राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल ने देश के विभिन्न भागों के साथ-साथ अनेक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रस्तुतियाँ दी हैं। इस दौरान रंगमंडल ने अपनी दस से अधिक चर्चित नाट्य प्रस्तुतियों का मंचन किया है, जिनमें शास्त्रीय, हास्य, संगीतमय, त्रासदी, प्रहसन तथा भारतीय लोक परंपराओं से समृद्ध विविध रंग-शैलियों की प्रस्तुतियाँ शामिल हैं।
