July 20, 2026

हड़ेटा में 4 करोड़ रुपये से बन रहा है ईको-टूरिज्म पार्कपर्यटकों को मिलेगा एक अलग अनुभव, स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार

हमीरपुर । घने जंगलों से सजी पहाड़ियों की सुंदर, शांत एवं स्वच्छ वादियों के बीच कुछ सुकून भरे पल बिताने का अवसर मिल जाए तो इससे अच्छा अनुभव और क्या हो सकता है! इसी की तलाश में हर वर्ष देश-विदेश से लाखों पर्यटक हिमाचल प्रदेश का रुख करते हैं और यहां के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की भीड़ साल दर साल बढ़ती ही जा रही है। इससे न केवल पर्यटकों को सुंदर, स्वच्छ एवं शांत वादियों में सुकून भरे पल बिताने का अवसर मिलता है, बल्कि कई स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी भी इसी से चलती है।
इसी के मद्देनजर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी और प्रदेश के अन्य विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों के अलावा जिला हमीरपुर जैसे कम ऊंचाई वाले क्षेत्र में भी पर्यटन की संभावनाओं के उचित दोहन पर विशेष बल दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री के इन प्रयासों के अच्छे परिणाम सामने आने लगे हैं। इसकी एक झलक देखने को मिल रही है नादौन विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ गांव हड़ेटा में।
जी हां, नादौन-सलौणी-दियोटसिद्ध मुख्य सड़क मार्ग पर चीड़ के घने जंगलों से सजी छोटी-छोटी पहाड़ियों वाले इस सुंदर गांव में मुख्यमंत्री के प्रयासों के परिणामस्वरूप एक भव्य ईको-टूरिज्म पार्क बनकर तैयार होने वाला है। मुख्यमंत्री ने जनवरी 2025 मेें गांव हड़ेटा की सुंदर वादियों में आर्थिक विकास और आजीविका सृजन परियोजना (नवजीवन) के तहत इस पार्क का शिलान्यास किया था। इसका निर्माण ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वन विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है।
लगभग 125 कनाल भूमि पर चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पार्क में पर्यटकों के लिए कॉटेज, कैफेटेरिया, योगा प्वाइंट, चिल्ड्रन पार्क, वॉकिंग ट्रेल्स, वॉच टॉवर, एनिमल स्ट्रक्चर्स और कई अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। इस पार्क के निर्माण में स्थानीय लोगों की आजीविका का विशेष ध्यान रखा गया है, जिसके लिए कॉटेज और कैफेटेरिया के साथ ही दुकानों का निर्माण भी किया गया है। ये कॉटेज एवं कैफेटेरिया स्थानीय लोगों द्वारा ही संचालित किए जाएंगे और दुकानों में स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री का प्रावधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री की इस दूरदर्शी सोच एवं दीर्घकालीन योजना के कारण प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों ज्वालामुखी-नादौन और दियोटसिद्ध के बीच मुख्य मार्ग पर बन रहा यह पार्क जहां पर्यटकों को ठहराव के लिए एक बेहतरीन स्थल मुहैया करवाएगा, वहीं स्थानीय लोगों को भी रोजगार मुहैया करवाएगा।
उधर, वन विभाग के डीएफओ अंकित सिंह ने बताया कि इस पार्क का अधिकांश कार्य पूरा कर लिया गया है। जल्द ही इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *