सुंदरनगर शहर में 4–5 दिन प्रभावित रह सकती है पेयजल आपूर्ति
सुंदरनगर शहर की पेयजल आपूर्ति योजना के नागौण परिसर में स्थापित ट्रांसफार्मर तथा इलेक्ट्रो-मैकेनिकल उपकरणों, विशेषकर स्टार्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण पर्याप्त मात्रा में पानी की पंपिंग एवं लिफ्टिंग नहीं हो पा रही है। खराबी का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है, जिसके चलते मरम्मत कार्य में कुछ अतिरिक्त समय लगने की संभावना है।
अधिशासी अभियंता, जल शक्ति मंडल सुंदरनगर रजत गर्ग ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण शहर में अगले 4–5 दिनों तक पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की संभावना है। विभाग द्वारा खराबी का पता लगाने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य को जल्द पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि उपलब्ध पानी की मात्रा के अनुसार सुंदरनगर शहर के सभी वार्डों में कम से कम एक बार पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि इस अवधि के दौरान पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें तथा आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त पानी का भंडारण कर रखें।
जल शक्ति विभाग ने नागरिकों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए सभी उपभोक्ताओं से सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
