August 15, 2026

लाल किले पर पहली बार वंदे मातरम की धुन बजाए जाने पर रक्षा मंत्री की प्रतिक्रिया

नई दिल्ली, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर ध्वजारोहण के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। इस दौरान वंदे मातरम गीत की धुन बजाए जाने को लेकर उनकी प्रतिक्रिया सामने आई। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “स्वतंत्रता दिवस के पवित्र अवसर पर, आज लाल किले की प्राचीर पर, पहली बार सेना के बैंड द्वारा वंदे मातरम् गीत की धुन बजाई गई। इस ऐतिहासिक क्षण ने हर भारतीय को हर्ष और गौरव के भाव से अभिभूत कर दिया है। वंदे मातरम्!” रक्षा मंत्री की ओर से एक और पोस्ट में लिखा गया, “लाल किले पर इंटरनेशनल साइंस ओलंपियाड (आईएसओ) के मेडल जीतने वालों से मिलकर बहुत खुशी हुई। इन युवा और होनहार चैंपियंस को 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। साइंस ओलंपियाड में इतिहास रचने के लिए उन्हें बधाई दी। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं। मुझे पूरा भरोसा है कि वे आगे भी भारत का मान बढ़ाते रहेंगे।”
रक्षा मंत्री ने एक और पोस्ट में लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लाल किले की प्राचीर से भारत की रक्षा शक्ति के महत्व और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की आवश्यकता को रेखांकित किया है। उन्होंने ड्रोन्स, हाइपरसोनिक टेक्नोलॉजी, साइबर सुरक्षा पर विशेष बल दिया है, जिनको लेकर रक्षा मंत्रालय काफी गंभीरता से काम कर रहा है।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ओर से एक और ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा गया, “आज लाल किले की प्राचीर से देश के नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन बेहद शानदार और बेहतरीन था। अपने संबोधन में उन्होंने स्पष्ट रूप से रेखांकित किया कि ‘विकसित भारत’ की ओर भारत की यात्रा एक स्पष्ट विजन और अटूट प्रतिबद्धता से प्रेरित है।”
उन्होंने आगे लिखा, “आत्मनिर्भरता और ‘मेक इन इंडिया’ से लेकर ऊर्जा सुरक्षा, अत्याधुनिक तकनीक, विनिर्माण और रक्षा क्षेत्र तक; युवाओं को एआई, कौशल और नवाचार से सशक्त बनाने से लेकर कनेक्टिविटी, ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी तथा भारत की सॉफ्ट पावर को मजबूत करने तक – यह रोडमैप निश्चित रूप से महत्वाकांक्षी और व्यापक है।”
रक्षा मंत्री ने लिखा, “उनका संकल्प दृढ़ और स्पष्ट है: पूरे विश्वास के साथ सुधार करना, युवाओं को सशक्त बनाना, देश को मजबूत करना और भारत को एक वैश्विक महाशक्ति बनाना। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देश के नाम प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन का लिंक यहां दिया गया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *