June 17, 2026

ढोसी पर्वत रोप-वे प्रोजेक्ट को लेकर डीसी ने की समीक्षा बैठक

पर्यटन के नक्शे पर चमकेगा महेंद्रगढ़ जिला : डीसी अनुपमा अंजली

रोप-वे के निर्माण के लिए अब तक 39 पिलर का निर्माण कार्य पूरा

नारनौल, उपायुक्त अनुपमा अंजली ने लघु सचिवालय में ढोसी पर्वत पर बन रहे रोप-वे के कार्य की संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। डीसी ने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ आने वाले दिनों में पर्यटन के क्षेत्र में एक नई और विशिष्ट पहचान बनाने के लिए तैयार हो रहा है। ऐसे में अधिकारी इस काम को समय पर पूरा करें।
डीसी ने ढोसी पर्वत पर चल रहे महत्वाकांक्षी रोप-वे प्रोजेक्ट की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस परियोजना को एक निश्चित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए ताकि पर्यटकों को जल्द से जल्द इसकी सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हरियाणा सरकार इस समय महेंद्रगढ़ जिले के समृद्ध ऐतिहासिक स्मारकों और सांस्कृतिक धरोहरों को वैश्विक पटल पर लाने के लिए विशेष नीति के तहत काम कर रही है। जिले में पर्यटन की असीम संभावनाओं को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री स्वयं इस पूरे प्रोजेक्ट की प्रगति की लगातार निगरानी कर रहे हैं और समय-समय पर इसका सीधा फीडबैक भी ले रहे हैं।
बैठक के दौरान मौजूद विभागीय अधिकारियों ने कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए उपायुक्त को अवगत कराया कि ढोसी पर्वत पर रोप-वे के निर्माण के लिए अब तक बुनियादी ढांचा तैयार करते हुए 39 पिलर का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, और शेष बचे कार्यों को भी पूरी गति के साथ अंजाम दिया जा रहा है।
डीसी ने कहा कि ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व को समेटे इस क्षेत्र को विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस बैठक में एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, एनएचएलएमएल के रीजनल ऑफिसर कर्नल अनिल सेन,
प्रोजेक्ट ऑफिसर वैभव शर्मा, डिप्टी मैनेजर आदित्य राणा के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *