विशेष जन कल्याण शिविरों के माध्यम से आमजन को मिल रहा सरकारी योजनाओं का लाभ
- फिरोजपुर झिरका में आयोजित जन कल्याण शिविर में नागरिकों ने प्राप्त की विभिन्न योजनाओं की जानकारी
नूंह, – केंद्र एवं हरियाणा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से उपमंडल स्तर पर विशेष जन कल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीरवार को फिरोजपुर झिरका उपमंडल कार्यालय परिसर में विशेष जन कल्याण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा पात्र व्यक्तियों का मौके पर पंजीकरण भी किया।
उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा विशेष रूप से ऐसे नागरिकों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है जो किसी कारणवश अब तक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे हैं। जन कल्याण शिविरों के माध्यम से उन्हें योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी सरल बनाई जा रही है।
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत संकल्प अभियान से संबंधित विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अतिरिक्त पात्र व्यक्तियों के आवेदन स्वीकार कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की गई।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी जन कल्याण शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं, ताकि सरकार द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।
