आयुक्त संजय जून ने की एमडीए की 34वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा
- संबंधित विभागों को आगामी 10 दिन में नए प्रस्ताव भेजने के दिए निर्देश
- मेवात क्षेत्र के लोगों को अधिकतम लाभ देने वाली परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजने को कहा
नूंह, – आयुक्त फरीदाबाद मंडल एवं मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) के चेयरमैन संजय जून की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में एमडीए की 34वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एमडीए के माध्यम से संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने विभागों से संबंधित नए विकास कार्यों एवं परियोजनाओं के प्रस्ताव पूर्ण विवरण सहित आगामी 10 दिनों के भीतर एमडीए कार्यालय, नूंह में भेजें, ताकि उन पर सकारात्मक कार्रवाई की जा सके।
आयुक्त संजय जून ने कहा कि एमडीए के माध्यम से ऐसे विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनसे मेवात क्षेत्र के लोगों को अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने गत वर्ष मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित मेवात विकास बोर्ड की बैठक में स्वीकृत परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए।
उन्होंने बताया कि गांव छपेड़ा में 32 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसी प्रकार नूंह में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का निर्माण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। गांव आकेड़ा में निर्माणाधीन यूनानी मेडिकल कॉलेज का कार्य पुन: शुरू कर दिया गया है और इसे आगामी वर्ष तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
आयुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार वन क्षेत्रों में वर्षा जल संचयन के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर निर्माण का कार्य वन विभाग द्वारा लगभग 1 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा नूंह स्थित पुरानी तहसील परिसर में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से संग्रहालय (म्यूजियम) एवं ऑडिटोरियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है तथा इसकी ड्राइंग एवं अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री मेवात छात्रवृत्ति योजना तथा मुख्यमंत्री मेवात पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेवात उत्थान योजना के तहत श्रेणी-ए एवं बी की नौकरियों, सिविल सेवा तथा न्यायिक सेवाओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले सभी पात्र अभ्यर्थियों को लाभान्वित किया जाए।
संजय जून ने बताया कि सुपर-100 एवं बुनियाद कार्यक्रम की तर्ज पर जिला नूंह के गांव मढ़ी स्थित राजकीय विद्यालय में मेवात एक्सीलेंस सेंटर स्थापित किया गया है, जहां विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क कोचिंग दी जा रही है। वर्तमान में इस केंद्र में 86 विद्यार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नूंह में पुरानी एसडीएम कोर्ट परिसर में 200 विद्यार्थियों की क्षमता वाली आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अतिरिक्त जिले के सभी उपमंडलों में 100-100 विद्यार्थियों की क्षमता वाली लाइब्रेरी तथा 5 हजार से अधिक आबादी वाले गांवों में भी पुस्तकालय स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शिक्षा सहायकों की नियुक्ति की गई है तथा छात्राओं की सुविधा के लिए बालिका शिक्षा वाहिनी योजना का संचालन किया जा रहा है।
आयुक्त ने नूंह में प्रस्तावित हुनर हाट परियोजना पर त्वरित कार्रवाई करने तथा इसके लिए शीघ्र स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पुरानी कोर्ट परिसर में 600 व्यक्तियों की क्षमता वाला एक आधुनिक ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा, जिसका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। बैठक में खेलो मेवात कार्यक्रम के तहत पिछले वर्ष की भांति इस वर्ष भी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर चर्चा की गई। इसके साथ ही आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा स्वीकृत लगभग 36 करोड़ रुपये लागत की 12 विकास परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने विभागों से संबंधित विकास कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने इस बैठक में एमएलए हथीन, आयुक्त फरीदाबाद का स्वागत किया और विभिन्न विभागों से संबंधित सभी विकास कार्यों के संबंध में डिटेल जानकारी दी।
इस बैठक में हथीन से विधायक मोहम्मद इसराइल, उपायुक्त पलवल डॉ. जैनेंद्र सिंह छिल्लर, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, एसीयूटी अमितेज पांगती, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, एसडीएम तावडू जितेन्द्र कुमार, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एमडीए के डिप्टी सीईओ अशोक कुमार, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, सचिव आरटीए मुनीष सहगल, सिविल सर्जन डॉ ज्योत्स्ना, जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा, पशुपालन विभाग के उप-निदेशक डा विरेंद्र सहरावत, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रदीप सिंधु, कार्यकारी अभियंता पंचायती राज योगेश शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
