August 4, 2026

दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की दिशा में जिला प्रशासन ऊना का सराहनीय कदम

रजनी,ऊना, जिला प्रशासन ऊना ने दिव्यांगजनों के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पुराने उपायुक्त कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों द्वारा संचालित पहल कैंटीन में कार्यरत चार पात्र दिव्यांगजनों को फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) के प्रमाणपत्र प्रदान किए। जिला मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने तीन लाभार्थियों को 11-11 हजार रुपये तथा एक लाभार्थी को 5100 रुपये की एफडी सौंपी।

उपायुक्त ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन का प्रयास है कि दिव्यांगजन आत्मनिर्भर बनें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। उन्होंने कहा कि एफडी के रूप में प्रदान की गई यह राशि भविष्य में चिकित्सा, शिक्षा अथवा अन्य आवश्यक जरूरतों के समय लाभार्थियों के लिए आर्थिक संबल बनेगी।

उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को केवल सहायता उपलब्ध कराना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें सम्मान के साथ आगे बढ़ने के अवसर देना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे प्रयास उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ आर्थिक सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि पात्र दिव्यांगजन सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, इसके लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में दिव्यांगों हेतु नेशनल करियर सर्विस सेंटर, ऊना के सहायक निदेशक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *