May 15, 2026

प्रत्याशियों को ऑनलाइन रखना होगा चुनावी खर्च का लेखा-जोखा

सुंदरनगर, 15 मई 2026।
राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश द्वारा नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए प्रत्याशियों के चुनावी खर्च के ऑनलाइन लेखा-जोखा को सरल एवं पारदर्शी बनाने हेतु कैंडिडेट एक्सपेंडिचर रिर्पोटिंग सिस्टम (सीईआरएस) मोबाइल एप्लीकेशन शुरू की गई है। यह एप्लीकेशन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sechimachal.hp.gov.in पर उपलब्ध है।
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार नगर निकाय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को परिणाम घोषित होने तक अपने चुनावी व्यय का दैनिक लेखा-जोखा ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार जिला परिषद सदस्य पद के प्रत्याशियों को भी निर्धारित नियमों के तहत अपने चुनावी खर्च का विवरण प्रस्तुत करना होगा।
इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि सीईआरएस ऐप के माध्यम से ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के अतिरिक्त प्रत्याशियों को परिणाम घोषित होने के 30 दिनों के भीतर निर्धारित प्रपत्र में अपने चुनावी खर्च का विवरण संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के पास जमा करवाना भी अनिवार्य होगा।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए कार्यालय समय के दौरान एसडीएम कार्यालय सुंदरनगर में नगर परिषद चुनाव ड्यूटी में नियुक्त नोडल अधिकारी (कंप्यूटराइजेशन एवं आईटी) अक्षय कंवर से संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *