बीपीएल परिवारों को पारदर्शी व्यवस्था से मिल रहा हक – यादविन्द्र गोमा
पंचरुखी और आलमपुर में आयोजित लाभार्थी प्रत्यक्ष संवाद में मंत्री ने सुनीं 1015 परिवारों की समस्याएं, मौके पर किया समाधान
पंचरुखी/आलमपुर,आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविन्द्र गोमा ने आज पंचरुखी और आलमपुर में आयोजित ‘प्रत्यक्ष संवाद’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बीपीएल सर्वेक्षण में चयनित परिवारों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड पंचरुखी की 16 पंचायतों के 451 और विकासखंड लंबागांव के अंतर्गत 10 पंचायतों के 564 पात्र बीपीएल परिवारों की जनसमस्याओं को सुना। मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
पात्र लाभार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री यादविन्द्र गोमा ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि बीपीएल परिवारों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता और सुव्यवस्थित मापदंडों का पालन किया गया है ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इन संवाद कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब तबके के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
विकास कार्यों का जिक्र करते हुए आयुष मंत्री ने कहा कि पंचरुखी क्षेत्र में पेयजल की निर्बाध आपूर्ति के स्थायी समाधान हेतु 32 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पंचरुखी के भवन निर्माण हेतु अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसका कार्य नवंबर माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा और इसके उपरांत इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा भी दिलाया जाएगा । पंचरुखी क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 33 केवी सबस्टेशन का निर्माण भी प्रगति पर है।
आलमपुर क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जांगल पपरोला में 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल फरवरी माह तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोग लाभान्वित होंगे। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए आलमपुर में 1 करोड़ रुपये की लागत से खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, जगरूप नगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए 50 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई है, जिससे लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से भव्य भवन बनकर तैयार होगा। मंत्री ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में आलमपुर को तहसील का दर्जा दिलवाना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।
इस दौरान आयुष मंत्री ने 80 वर्ष की आयु से ऊपर के 6 बीपीएल बुजुर्ग नागरिकों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर पंचायत समिति लंबागांव के उपाध्यक्ष हेमराज शर्मा, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, तहसीलदार पंचरुखी अभिषेक भास्कर, खंड विकास अधिकारी पंचरुखी मनीष कुमार, खंड विकास अधिकारी लंबागांव सिकंदर कुमार, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, जन प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में बीपीएल परिवार उपस्थित रहे।
