हिमाचल नगर निगम चुनाव में भाजपा की बंपर जीत, पालमपुर नगर निगम कांग्रेस के खाते में
शिमला, हिमाचल प्रदेश के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार में से तीन नगर निगमों में बहुमत हासिल कर लिया है। मंडी, धर्मशाला और सोलन नगर निगम में भाजपा ने जीत का परचम लहराया, जबकि पालमपुर नगर निगम कांग्रेस के खाते में गया। भाजपा ने इस जीत को विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता के विश्वास की जीत बताया है।
राज्य की चार नगर निगमों के कुल 63 वार्डों में हुए चुनावों में भाजपा ने 37 सीटों पर विजय हासिल की, जबकि कांग्रेस को 23 सीटों से संतोष करना पड़ा। तीन वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। कांग्रेस की 23 सीटों में से लगभग आधी यानी 11 सीटें अकेले पालमपुर नगर निगम से आई हैं।
भाजपा की सबसे बड़ी जीत मंडी नगर निगम में दर्ज की गई, जहां 14 में से 12 वार्डों में पार्टी उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। कांग्रेस को यहां सिर्फ एक सीट मिली, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। मंडी में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा।
धर्मशाला नगर निगम में भी भाजपा ने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए 17 में से 11 सीटों पर कब्जा किया। कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार के खाते में गई।
सोलन नगर निगम में भाजपा ने 17 में से 10 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया। कांग्रेस को छह सीटें मिलीं, जबकि एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।
पालमपुर नगर निगम कांग्रेस के लिए राहत लेकर आया। यहां 15 में से 11 सीटों पर जीत हासिल कर कांग्रेस ने नगर निगम पर कब्जा जमाया, जबकि भाजपा केवल चार सीटों तक सीमित रही।
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा ने इसे प्रदेश में जनता के बढ़ते समर्थन का प्रमाण बताया। हिमाचल भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि चार में से तीन नगर निगमों में मिली जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के आशीर्वाद का परिणाम है। पार्टी ने दावा किया कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार की नीतियों को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की विकासवादी राजनीति पर भरोसा जताया है।
गौरतलब है कि इन नगर निगम चुनावों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा था। 17 मई को हुए मतदान में 69.16 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
