May 17, 2026

गोपालपुर खंड में पंचायती राज चुनावों हेतु बैलेट पेपर लेखन कार्य संपन्न

सरकाघाट, 17 मई।
गोपालपुर खंड में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के दृष्टिगत आज बैलेट पेपर लेखन का कार्य रिटर्निंग अधिकारी (पंचायत) एवं एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
यह कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम पंचायतों के सहायक रिटर्निंग अधिकारियों ने संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के चुनावों के लिए बैलेट पेपर लेखन का कार्य किया।
कार्यक्रम में लगभग 250 चुनावी ड्यूटी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन संबंधी कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *