एलएचडीसीपी के तहत ग्राम पंचायत कोट में खुरपका एवं मुंहपका रोग पर जागरूकता शिविर आयोजित
घुमारवीं (बिलासपुर), पशुपालन स्वास्थ्य एवं प्रजनन विभाग, बिलासपुर के सौजन्य से पशुधन स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एलएचडीसीपी) के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोट में खुरपका एवं मुंहपका रोग (एफएमडी) पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता प्रधान ग्राम पंचायत कोट अमर चंद ने की। इस अवसर पर सहायक निदेशक (परियोजना) डॉ. किशोरी लाल शर्मा, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. पर्वेश ठाकुर, डॉ. आदित्य शर्मा तथा डॉ. कीर्ति शर्मा भी उपस्थित रहे।
सहायक निदेशक (परियोजना) डॉ. किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि शिविर में पशुपालकों को खुरपका एवं मुंहपका रोग के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय, नियमित टीकाकरण के महत्व, जैव सुरक्षा उपायों तथा रोग नियंत्रण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। पशुपालकों को अवगत करवाया गया कि समय पर टीकाकरण एवं वैज्ञानिक पशुपालन अपनाकर इस रोग की प्रभावी रोकथाम की जा सकती है।
प्रधान ग्राम पंचायत कोट अमर चंद ने पशुपालन विभाग का ग्राम पंचायत में जागरूकता शिविर आयोजित करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम को पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया तथा इससे पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में वृद्धि होगी। उन्होंने क्षेत्र के सभी पशुपालकों से आग्रह किया कि वह पशुपालन विभाग द्वारा संचालित पशु स्वास्थ्य सेवाओं, निःशुल्क टीकाकरण अभियानों तथा अन्य रोग नियंत्रण कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य करवाएं।
शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने भाग लिया तथा विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता एवं रोग नियंत्रण अभियान की सराहना की।
