ज़िला स्तरीय पिपलू मेला 2026 के ऑडिशन 18 व 19 जून को
24 से 26 जून तक श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के संग सजेगा ऐतिहासिक पिपलू मेला
रजनी, बंगाणा, उपमंडल बंगाणा में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय जिला स्तरीय पिपलू मेला इस वर्ष 24 से 26 जून तक श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने बताया कि पिपलू मेला में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं के लिए 18 और 19 जून को स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में आयोजित होंगे। ऑडिशन 18 जून को प्रातः 11:30 बजे से प्रारंभ होंगे।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने बताया कि इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय, बंगाणा में आवेदन कर सकते हैं या ईमेल districtlevelpiploomela@gmail.com (डिस्ट्रिक्टलेवलपिपलूमेला ऐट द रेट ऑफ़ जीमेल डॉट कॉम)के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं। ऑडिशन के दिन मौके पर भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। नामी कलाकारों एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी।
पारंपरिक फेरी एवं झंडा रस्म से होगा शुभारंभ
श्री गोयल ने बताया कि 24 जून को पारंपरिक फेरी एवं झंडा रस्म के साथ पीपलू मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। क्षेत्र की लोक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे
उन्होंने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एसडीएम ने बताया कि इस वर्ष मेले की सांस्कृतिक संध्याओं को विशेष रूप से आकर्षक बनाया जाएगा। तीनों दिनों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली लोक कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।
मेले का एक दिन पूरी तरह स्कूली विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा, जिसमें छात्र-छात्राएं लोकनृत्य, समूहगान, भाषण, नाटक तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खेल प्रतियोगिताएं बनेंगी युवाओं के आकर्षण का केंद्र
मेले के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, बास्केटबॉल तथा रेसलिंग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा।
डॉग शो और प्रदर्शनियां रहेंगी विशेष आकर्षण
इस वर्ष पिपलू मेले में डॉग शो मेला स्थल पर विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभागीय गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
26 जून की स्टार नाइट बनेगी मुख्य आकर्षण
एसडीएम ने बताया कि मेले के अंतिम दिन 26 जून को भव्य स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों का मनोरंजन का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।
