May 11, 2026

112 हेल्पलाइन का एएसआई नशा खरीदते कैमरे में कैद

वीडियो वायरल होने पर सस्पेंड

अबोहर , पंजाब सरकार की युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम के बीच फाजिल्का जिले में एक पुलिसकर्मी का कथित तौर पर नशीला पदार्थ खरीदते वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग ने 112 हेल्पलाइन में तैनात एएसआई बलविंदर सिंह को सस्पेंड कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में 112 पंजाब पुलिस की गाड़ी सीडफार्म रोड पर खड़ी दिखाई दे रही है। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचते हैं और गाड़ी में बैठे पुलिसकर्मी को एक संदिग्ध वस्तु देते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद आरोप लगे कि पुलिस कर्मचारी खुद नशे के कारोबार में शामिल है।

मामले पर जानकारी देते हुए एसपी अशवंत सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो करीब चार-पांच दिन पुराना है। जांच में पता चला कि अबोहर सिटी-1 क्षेत्र में 112 हेल्पलाइन वाहन पर तैनात एएसआई बलविंदर सिंह ने अपने परिचित जशन नामक युवक को फोन कर बुलाया था और उससे 500 रुपये में कोई नशीली वस्तु खरीदी थी।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने जांच के बाद एएसआई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। आरोपी युवक जशन की पहचान कर ली गई है, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरे युवक की तलाश जारी है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशा तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है और इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस विभाग का कर्मचारी ही क्यों न हो।

वहीं अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ ने इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री और डीजीपी को सोशल मीडिया पर टैग करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस ही इस कारोबार में शामिल होगी तो पंजाब को नशामुक्त कैसे बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *