June 24, 2026

दिल्ली से अमृतसर जा रहा एअर इंडिया का विमान पाक एयरस्पेस में घुसा, पाकिस्तान ने दी चेतावनी

अमृतसर, एअर इंडिया की एक घरेलू उड़ान सोमवार रात तकनीकी गड़बड़ी के कारण अपने निर्धारित मार्ग से भटक गई, जिसके चलते विमान कुछ समय के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र के निकट पहुंच गया। स्थिति का पता चलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल और पायलट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विमान को सुरक्षित भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस ले आया। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से अमृतसर जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट ने सोमवार रात करीब 9:18 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के नेविगेशन सिस्टम में तकनीकी समस्या आने की आशंका जताई जा रही है, जिसके कारण विमान अपने निर्धारित मार्ग से विचलित हो गया। संबंधित एयर ट्रैफिक एजेंसियों द्वारा सतर्क किए जाने के बाद पायलट ने तुरंत विमान की दिशा बदली और उसे सुरक्षित भारतीय हवाई क्षेत्र में वापस ले आया।

विमान जब वापस अमृतसर की ओर लौटा, तब तक हवाई यातायात बढ़ चुका था। एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सुरक्षा कारणों से विमान को तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं दी और उसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग करवाई गई, जहां तकनीकी जांच के बाद आवश्यक अनुमति मिलने पर उसे दोबारा अमृतसर के लिए रवाना किया गया। इसके बाद विमान करीब चार घंटे की देरी से मंगलवार तड़के लगभग 2:20 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं।

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की संभावना सामने आई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। विमानन सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

गौरतलब है कि 12 जून को खराब मौसम के कारण पाकिस्तान की एक यात्री उड़ान भी निर्धारित मार्ग से भटककर कुछ समय के लिए भारतीय हवाई क्षेत्र के निकट पहुंच गई थी। हालांकि, स्थिति का पता चलते ही विमान को सुरक्षित वापस उसके निर्धारित मार्ग पर ले जाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *