होर्मुज पर टैक्स वसूली की खबरों को ईरान ने बताया फेक: डोनाल्ड ट्रंप
वाशिंगटन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान ने उनसे होर्मुज पर टैक्स वसूली संबंधी खबरों को फर्जी करार दिया है। उनके मुताबिक होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर किसी भी प्रकार के टोल, बीमा लागत या अन्य शुल्क नहीं लिए जा रहे हैं। हमेशा की तरह ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने अपने चिर परिचित अंदाज में अपनी बात रखी। दावा किया कि, ईरान ने अमेरिका को सूचित किया है कि इस तरह की किसी भी फीस या चार्ज से संबंधित रिपोर्टें फेक न्यूज हैं और वास्तविकता से मेल नहीं खातीं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इसके विपरीत कोई जानकारी सही साबित होती है, तो इससे चल रही बातचीत तुरंत समाप्त कर दी जाएगी। अपने बयान में ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने ईरान को कोई धन नहीं दिया है और न ही उसके किसी फंड को जारी किया गया है। कुछ धनराशि, जो अमेरिका के नियंत्रण में है, उसे अमेरिकी किसानों और पशुपालकों के लिए जारी किया जाएगा, ताकि वे मक्का, गेहूं, सोयाबीन और अन्य कृषि उत्पादों की खरीद कर सकें।
उन्होंने आगे कहा कि ईरान में खाद्य सामग्री की जरूरत है और अमेरिका यह सुनिश्चित करेगा कि आवश्यक खाद्य आपूर्ति विशेष रूप से अमेरिकी कृषि उत्पादों से ही की जाए।
ईरान लगातार कहता रहा है कि होर्मुज स्ट्रेट पर उसका नियंत्रण बना रहेगा। मंगलवार को ईरान और ओमान ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दोनों देश इस मार्ग की देखरेख और जहाजों से सेवाओं के बदले लिए जाने वाले शुल्क पर विचार करेंगे।
वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने यूएई दौरे के दौरान कहा कि अमेरिका किसी भी अंतिम समझौते के तहत ईरान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों से टोल वसूलने की इजाजत नहीं देगा।
