August 6, 2026

भांबला के नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का एडीसी मंडी ने किया औचक निरीक्षण

सरकाघाट, अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने वीरवार को उपमंडल सरकाघाट के भांबला क्षेत्र में संचालित दो नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसडीएम सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर, थाना प्रभारी बलद्वाड़ा तथा पुलिस दल भी मौजूद रहा।

एडीसी ने रटोली स्थित द रिकवरी विलेज तथा अपर भांबला स्थित द विनर फाउंडेशन केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, उपचार प्रक्रिया, स्टाफ की उपस्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र संचालकों से उपचार एवं पुनर्वास की कार्यप्रणाली की जानकारी भी प्राप्त की।

प्रियांशु खाती ने कहा कि नशामुक्ति केंद्रों का उद्देश्य केवल नशे की लत छुड़ाना नहीं, बल्कि मरीजों का मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक पुनर्वास सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने सभी केंद्रों को सरकार के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की नियमित निगरानी करता रहेगा, ताकि नशा पीड़ितों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, सुरक्षित वातावरण और प्रभावी पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *