एग्जिट पोल; प. बंगाल में 6 सर्वे में भाजपा को बहुमत
दो सर्वे में बनाई गई ममता बनर्जी की सरकार
नई दिल्ली, प. बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के चुनाव के बाद शाम को एग्जिट पोल के बेहद दिलचस्प आंकड़े सामने आए। सामने आए 8 प्रमुख सर्वे में से 6 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में अपनी पहली सरकार बनाती दिख रही है। प्रजा पोल के सर्वे में तो भाजपा को सबसे बड़ी जीत (178-208 सीटें) मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके अलावा पोल डायरी, पी-मारक्यू, मैट्रिज, चाणक्य स्ट्रैटजीज और जेवीसी ने भी भाजपा को सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर स्पष्ट बढ़त दी है और बहुमत के आंकड़े के पार रखा है। इन 6 एजेंसियों के रुझानों से साफ संकेत मिल रहा है कि लंबे समय से सत्ता पर काबिज तृणमूल को इस बार करारी शिकस्त का सामना करना पड़ सकता है।
हालांकि, 2 एग्जिट पोल्स ऐसे भी हैं जो पूरी तरह से अलग कहानी बयां कर रहे हैं और तृणमूल के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं। ‘जनमत पोल्स’ और ‘पीपल्स पल्स’ के सर्वे में तृणमूल की सत्ता में शानदार वापसी का दावा किया गया है। जनमत पोल्स के अनुसार तृणमूल 195-205 सीटें जीतकर फिर से अपनी सरकार बना सकती है, जबकि इस सर्वे में भाजपा को 80-90 सीटों पर ही समेट दिया गया है। वहीं, पीपल्स पल्स ने भी तृणमूल को 177-187 सीटें और भाजपा को 95-110 सीटें दी हैं। कुल मिलाकर, एग्जिट पोल्स के ये विरोधाभासी आंकड़े बंगाल में एक बेहद रोमांचक और कांटे की टक्कर का इशारा कर रहे हैं, जिसका असली फैसला मतगणना के दिन ही होगा।
