August 1, 2026

पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट बीड़ में स्थापित 3-डी पर्यटन मानचित्र से पर्यटकों को मिलेगी क्षेत्र की समग्र जानकारी : संकल्प गौतम

बैजनाथ, उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने आज विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग लैंडिंग साइट बीड़ में स्थापित 3-डी पर्यटन मानचित्र “परिक्रमा” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने इसके माध्यम से पर्यटकों को प्राप्त होने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
उपमंडलाधिकारी संकल्प गौतम ने वेस्ट वॉरियर्स के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वेस्ट वॉरियर्स संस्था द्वारा स्थापित इस आधुनिक 3-डी मानचित्र में बीड़ तथा आसपास के पर्यटन क्षेत्रों की संपूर्ण जानकारी प्रदान की गई है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक एक ही स्थान पर संपूर्ण पर्यटन क्षेत्र, प्रमुख दर्शनीय स्थलों, पैराग्लाइडिंग गतिविधियों, ट्रैकिंग मार्गों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी सरलता से प्राप्त कर सकें। इससे पर्यटकों को भ्रमण की बेहतर योजना बनाने में सुविधा मिलेगी तथा अपरिचित क्षेत्र में आने वाली कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों के अनुभव को भी बेहतर बनाते हैं।बीड़-बिलिंग क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन की पहचान रखता है और यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यह 3-डी पर्यटन मानचित्र पर्यटकों के लिए एक उपयोगी सूचना केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इससे स्थानीय पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यवसायों एवं पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस दौरान उन्होंने प्लास्टिक की अनुपयोगी बोतलों से तैयार किए गए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट की सराहना करते हुए कहा कि प्लास्टिक अपशिष्ट का रचनात्मक एवं उपयोगी तरीके से पुनः उपयोग कर तैयार किया गया यह सेल्फी प्वाइंट न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *