August 1, 2026

विधायक सुरेश कुमार ने सम्मू ताल और निर्माणाधीन बस स्टैंड का किया निरीक्षण

भोरंज । विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को यहां ऐतिहासिक सम्मू ताल के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण और निर्माणाधीन बस स्टैंड के कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति तथा निर्धारित मानकों को अंतिम रूप देने से संबंधित कार्य की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
सुरेश कुमार ने सम्मू ताल में स्थापित की जाने वाली हाई मॉस्ट लाइट का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में भोरंज विधानसभा क्षेत्र का विकास तेजी से हो रहा है। वर्षों से उपेक्षित रहे इस क्षेत्र में अब करोड़ों रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं, जिससे क्षेत्र का कायाकल्प हो रहा है। उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद सम्मू ताल न केवल एक प्रमुख धार्मिक स्थल के रूप में विकसित होगा, बल्कि एक आकर्षक पर्यटन स्थल और पिकनिक स्पॉट के रूप में भी उभरेगा। यहां स्थापित की जा रही भगवान शिव की 20 फीट ऊंची प्रतिमा क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाइयां देगी और श्रद्धालुओं व पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी।
विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सम्मू ताल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त, स्वच्छ और सुंदर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे और क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर भोरंज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल, महासचिव अनिल कुमार, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, एसडीएम शशिपाल शर्मा और अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *