July 26, 2026

आरसेटी ने 30 महिलाओं को करवाया ब्यूटीशियन का कोर्स

हमीरपुर , मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा महिलाओं के लिए आयोजित 35 दिवसीय जूनियर ब्यूटीशियन कोर्स रविवार को संपन्न हो गया।
प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर प्रतिभागी महिलाओं का मार्गदर्शन किया। इस मौके पर सभी प्रतिभागी महिलाओं को बधाई देते हुए राकेश शर्मा ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से निशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे अपना व्यवसाय आरंभ कर सकती हैं। इसके लिए वे विभिन्न विभागों या बैंकों की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं की मदद ले सकती हैं।
नगर निगम के आयुक्त ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए। श्रेया ठाकुर को बेस्ट अटेंडेंस, कंचन कुमारी को बेस्ट ट्रेनी और शानू कुमारी को बेस्ट परफॉर्मर का पुरस्कार दिया गया।
इससे पहले, आरसेटी के निदेशक अजय कुमार कतना ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कोर्स की प्रतिभागी महिलाओं के रहने, खाने और अन्य सभी सुविधाओं का खर्चा आरसेटी ने ही वहन किया है। इस मौके पर संस्थान के फैकल्टी मैंबर विनय चौहान, ट्रेनर पूनम और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *