July 21, 2026

प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है

हरियाणा महिला आयोग की नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मीना परमार के सम्मान में गांव खरक कलां स्थित दादी सती जाबदे मंदिर परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें गांव की चारों पंचायतों की तरफ से उनको पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर और तलवार भेंटकर सम्मानित किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने श्रीमती परमार को महिला आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त करने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट किया।

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मीना परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी महिलाओं का पूरा मान सम्मान रख रहे हैं। इसी के चलते महिला आयोग, महिला विकास निगम और बाल संरक्षण अधिकार जैसे अहम आयोग में महिलाओं की नियुक्ति की है। उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिलाओं के हकों के लिए हमेशा तत्पर है।
मीना परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी नीतियां लागू कर रही है। सरकार अंत्योदय की भावना से योजनाएं लागू कर रही है। पात्र व्यक्तियों को घर बैठे योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकारी योजनाओं को पारदर्शिता के चलते ऑनलाइन किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बड़े से बड़े पदों पर बिना पर्ची और बिना खर्ची के आर्थिक रूप से कमजोर घरों के पात्र युवा नियुक्ति पा रहे हैं। इससे गरीब परिवारों खुशहाली का दौर आया है। युवाओं में मेहनत करने के प्रति उत्साह बढ़ा है।

उन्होंने ग्रामीणों से विशेष कर लड़कियों को उच्च शिक्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज सरकार द्वारा लड़कियों को उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए हर 20 किलोमीटर पर महिला कॉलेज की स्थापना की जा रही है। शिक्षा के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा किया गया उनका यह सम्मान उनको हमेशा याद रहेगा। सम्मान समारोह का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष कमल फौजी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *