July 17, 2026

‘जन-जन का वृक्ष अभियान’ के तहत लांगणा वन बीट में 150 फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण, 70 महिलाओं ने लिया भाग

जोगिंद्रनगर, वन मंडल जोगिंद्रनगर के तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘जन-जन का वृक्ष अभियान’ के अंतर्गत वन बीट लांगणा में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना, हरित आवरण बढ़ाना तथा लोगों को वृक्षारोपण एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न महिला मंडलों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आंवला, हरड़, बहेड़ा एवं जामुन सहित विभिन्न प्रकार के फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर लगभग 150 पौधे लगाए गए, जो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पौधरोपण अभियान में महिला मंडल जरेहड़, लंगारा, धुरली तथा समोन की लगभग 70 महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। महिलाओं ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण को समृद्ध बना सकें।
इस अवसर पर सभी महिला मंडलों की प्रधानें तथा ग्राम पंचायत के उपप्रधान आयुष ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘जन-जन का वृक्ष अभियान’ के माध्यम से क्षेत्र में निरंतर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *