August 20, 2026

डीसी गंधर्वा राठौड़ ने नादौन की कई पंचायतों में किया विकास कार्यों का निरीक्षण

ग्राम पंचायतों द्वारा करवाई जा रही प्राकृतिक जल स्रोतों की सफाई की सराहना की
आईटीआई रैल के विद्यार्थियों से संवाद के साथ ही संस्थान के परिसर में किया पौधारोपण

नादौन , उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शुक्रवार को विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत रैल, बड़ा, फस्टे, सपड़ोह और जलाड़ी तथा आईटीआई रैल का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में जारी विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायतों के जनप्रतिनिधियों से प्राकृतिक जलस्रोतों जैसे-बावड़ियों, कुओं और तालाबों इत्यादि की सफाई के लिए चलाए गए विशेष अभियान की जानकारी भी ली तथा इस अभियान में आम लोगों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने पंचायत जनप्रतिनिधियों से नशा विरोधी अभियान में भी सक्रिय योगदान देने की अपील भी की।
उपायुक्त ने आईटीआई रैल में एंटी चिट्टा अभियान के तहत आयोजित एक जागरुकता कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने संस्थान के विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा परिश्रम एवं दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होेंने कहा कि किशोरावस्था एवं युवावस्था जीवन की बहुत ही संवेदनशील अवस्था होती है और नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोग ज्यादातर किशोंरों एवं युवाओं को ही अपने जाल में फंसाने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों से बचने तथा इन्हें बेनकाब करने के लिए युवाओं को स्वयं आगे आना होगा। तभी नशे को खत्म किया जा सकता है। उपायुक्त ने संस्थान के विभिन्न विभागों और वर्कशॉप्स का निरीक्षण भी किया। उन्होंने संस्थान के परिसर में पौधारोपण भी किया।
इस अवसर पर एसडीएम निशांत शर्मा, बीडीओ राजेश कुमार, अन्य अधिकारी, संस्थान के प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *