बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भिवानी के सहयोग से चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा मेगा वृक्षारोपण अभियान 2026 का आयोजन विश्वविद्यालय के प्रेमनगर स्थित नए परिसर में किया गया।
विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी के संयोजन में आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पवन कुमार बतौर अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-कम-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पवन कुमार ने कहा कि इस अभियान की थीम- आज पेड़ लगाएं, आने वाले कल को हरा-भरा बनाएं है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
