एंटी चिट्टा अवेयरनेस फुटबॉल टूर्नामेंट सम्पन्न, मैजिशियन एफसी बनी विजेता
· मंडलायुक्त ने विजेताओं को किया सम्मानित, चिट्टा मुक्त मंडी- नशामुक्त हिमाचल की दिलाई शपथ
मंडी, जिला प्रशासन मंडी के सहयोग से आयोजित एंटी चिट्टा अवेयरनेस 7-ए-साइड फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला आज शुक्रवार को पड्डल मैदान में खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में मैजिशियन एफसी ने नेपोलियन एफसी को 4-3 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में मंडलायुक्त डॉ. आर.के. प्रुथी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विजेता मैजिशियन एफसी टीम को ट्रॉफी सहित 25 हजार रूपये का नकद पुरस्कार एवं उप-विजेता नेपोलियन एफसी टीम को ट्रॉफी व 15 हजार रूपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह व नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंडलायुक्त ने सभी खिलाड़ियों व उपस्थितजनों को चिट्टा मुक्त मंडी-नशा मुक्त हिमाचल की शपथ भी दिलाई गई और समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
डॉ. आर.के. प्रुथी ने कहा कि खेलें युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन शैली का विकास करती हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए इस तरह की गतिविधियों में बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेल व अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त मंडी-नशा मुक्त हिमाचल का लक्ष्य जन-सहभागिता से ही सफल हो सकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने मुख्यातिथि को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त ने इस टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों, आयोजकों, अधिकारियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी समीर, जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष लीला विलास, विक्रम बिष्ट, कमल किशोर, अक्षित सेन, प्रदीप भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
