श्री बोठा महाराज जी के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के सफल आयोजन हेतु प्रशासन ने की व्यापक तैयारियों की समीक्षा
ग्राम बशला में दिनांक 11 जुलाई, 2026 से 13 जुलाई, 2026 तक आयोजित होने वाले श्री बोठा महाराज जी के प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत दिनांक: 06 जुलाई, 2026को उप-मण्डलाधिकारी (ना.), रोहड़ू श्री धर्मेश रामोत्रा, की अध्यक्षता में उप-मण्डलाधिकारी कार्यालय, रोहड़ू के चांशल सम्मेलन कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, परिवहन, अग्निशमन, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा श्री बोठा महाराज मंदिर समिति, बशला के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान मंदिर समिति द्वारा महोत्सव के संबंध में विभिन्न आवश्यकताओं एवं व्यवस्थाओं से प्रशासन को अवगत कराया गया। इस अवसर पर कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, एल.पी.जी. गैस की उपलब्धता, अतिरिक्त बसों के संचालन, चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस, अग्निशमन व्यवस्था, स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
उप-मण्डलाधिकारी (ना.), रोहड़ू ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि महोत्सव प्रारम्भ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली जाएँ तथा आयोजन के दौरान विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दें।
बैठक में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्थायी चिकित्सा शिविर एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता, अग्निशमन विभाग द्वारा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, जल शक्ति विभाग द्वारा पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड द्वारा महोत्सव अवधि के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एल.पी.जी. गैस की उपलब्धता के संबंध में गैस एजेंसी के प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया कि मंदिर समिति के साथ समन्वय स्थापित कर महोत्सव से पूर्व आवश्यकतानुसार गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा लंगर व्यवस्था हेतु नियमानुसार वाणिज्यिक गैस सिलेंडर भी उपलब्ध करवाए जाएँ।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार के शस्त्रों के प्रदर्शन अथवा उपयोग की अनुमति नहीं होगी तथा किसी भी प्रकार की पशु बलि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। इन संबंध में राज्य सरकार एवं माननीय न्यायालयों के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उल्लंघन की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उप-मण्डलाधिकारी (ना.), रोहड़ू ने सभी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात व्यवस्था में सहयोग दें, स्वच्छता बनाए रखें तथा धार्मिक आयोजन की गरिमा एवं परंपराओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में प्रशासन एवं मंदिर समिति का सहयोग करें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन, मंदिर समिति तथा स्थानीय जनता के संयुक्त सहयोग से श्री बोठा महाराज जी का प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव पूर्ण श्रद्धा, उत्साह, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न होगा।
