सड़क हादसे का शिकार इंस्पेक्टर सुरेश कुमार का सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया
दौलतपुर चौक, 15 जुलाई ( संजीव डोगरा ): ब्रह्मपुर गांव के इंस्पेक्टर सुरेश कुमार का दौलतपुर चौक शमशानघाट में सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ब्रह्मपुर गांव के एन.डी.आर.एफ में तैनात इंस्पेक्टर सुरेश कुमार (34) छुट्टी काट कर जाते समय करनाल में हुई सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। जिनका रोहतक पीजीआई में ईलाज चल रहा था। वह अपने पीछे पत्नी प्रिया, पिता गुरबख्श सिंह , माता रचना देवी व एक बेटी तनिष्का (5) छोड़ गए। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार 2011 में सी आर पी एफ में भर्ती हुए थे जिसके बाद वह डेपुटेशन पर एन.डी.आर.एफ. में चले गए। 2 जुलाई को इंस्पेक्टर सुरेश कुमार छुट्टी काट कर अपनी यूनिट में वापिस जा रहे थे की रास्ते में करनाल के समीप उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।उन्हें गंभीर हालत में पी. जी. आई. रोहतक में दाखिल करवाया गया। यहाँ 13 जुलाई को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार की पत्नी प्रिया कांगड़ा जिला की कड़ोआ पंचायत में सचिव के पद पर तैनात है। शनिवार को इंस्पेक्टर सुरेश कुमार का दौलतपुर चौक में पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर एन.डी.आर.एफ. जवानों ने हथियार उलटे करके उन्हें सशस्त्र सलामी दी। तहसीलदार घनारी शिखा,पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, नायब तहसीलदार स्वतंत्र नरियाल, कानूनगो सतपाल ,एस. एच. ओ. गगरेट अशोक कुमार , चौकी प्रभारी दौलतपुर चौक एस.आई. सुरजीत सिंह , पटवारी अनिल कुमार , पटवारी नरेश कुमार , पंचायत प्रधान ब्रह्मपुर प्रदीप कुमार , उप प्रधान कमल सिंह सहित कई अन्य जन प्रतिनिधियों ने इंस्पेक्टर सुरेश कुमार की अतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्दांजली दी।
