July 5, 2026

ऊना जिले में जुआ, अवैध शराब और मारपीट के पांच मामले दर्ज

ऊना, जिला पुलिस ऊना ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए जुआ, अवैध शराब और मारपीट से जुड़े पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार सभी मामलों में जांच जारी है।

पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सरकारी स्कूल भटोली के पास छापेमारी कर पुनीत शर्मा निवासी भटोली के कब्जे से 1,030 रुपये की नकदी और दड़ा-सट्टा की पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस थाना अंब की टीम ने टकारला मोड़ के समीप सब्जी मंडी क्षेत्र में गश्त के दौरान वशीर मोहम्मद निवासी वैरिया, तहसील बंगाणा के कब्जे से बिना लाइसेंस और परमिट के सात बोतल देसी शराब (वीआरवी संतरा) बरामद की। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अंब थाना क्षेत्र के जंदोह रक्कड़ की रहने वाली नीलम देवी ने शिकायत दर्ज करवाई है कि पानी भरने के दौरान गांव के कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर 13 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

टाहलीवाल थाना क्षेत्र के बीटन गांव निवासी जगदेव चंद ने शिकायत दर्ज करवाई है कि सरकारी भूमि विवाद को लेकर पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति ने अपने कुत्ते को उसकी ओर छोड़ दिया, जिससे कुत्ते ने उसकी टांग पर काट लिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

टाहलीवाल थाना क्षेत्र में शिव कुमार निवासी ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई है कि नंगल खुर्द स्थित एक पेट्रोल पंप पर गाड़ी खड़ी करने के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक ऊना ने बताया कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *