July 4, 2026

‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत धर्मपुर में किशोरियों के लिए एक्सपोज़र विजिट आयोजित

54 किशोरियों ने पुलिस चौकी एवं एसबीआई शाखा धर्मपुर का किया शैक्षणिक भ्रमण
धर्मपुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, हिमाचल प्रदेश के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास निदेशालय द्वारा संचालित ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत शनिवार को बाल विकास परियोजना, धर्मपुर द्वारा किशोरियों के लिए एक्सपोज़र विजिट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को महिला सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता, लैंगिक समानता तथा बालिका सशक्तिकरण से संबंधित विषयों के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धर्मपुर की 54 किशोरियों ने भाग लिया। इस दौरान छात्राओं को पुलिस चौकी धर्मपुर तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की धर्मपुर शाखा का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया।
पुलिस चौकी धर्मपुर में आयोजित संवाद सत्र के दौरान थाना प्रभारी (एसएचओ) विनोद कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा तथा पुलिस सहायता सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर पुलिस की सहायता लेने का आह्वान किया।
इसके उपरांत भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), धर्मपुर शाखा में वरिष्ठ सहयोगी रोशनल लाल चंदेल ने बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, डिजिटल बैंकिंग, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा वित्तीय साक्षरता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना, धर्मपुर के पर्यवेक्षक विनोद कुमार ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, लैंगिक समानता, बालिकाओं के अधिकार तथा महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने किशोरियों से शिक्षा, आत्मनिर्भरता एवं आत्मविश्वास को अपने जीवन का आधार बनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं तथा विशेषज्ञों से उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के अंत में बाल विकास परियोजना, धर्मपुर की ओर से सभी अतिथि वक्ताओं, विद्यालय प्रशासन, अध्यापकों एवं प्रतिभागी छात्राओं का कार्यक्रम को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *