ऊना में पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन 36,447 बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक
रजनी, ऊना, ऊना जिले में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन कुल 36,447 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. एस.के. वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिलेभर में 360 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे। इसके अलावा यात्रा कर रहे बच्चों को कवर करने के लिए 16 ट्रांजिट बूथ बनाए गए थे, जबकि छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 8 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई थीं।
उन्होंने बताया कि जो बच्चे पहले दिन किसी कारणवश पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह गए हैं, उन्हें कवर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगी, ताकि जिले का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे।
डॉ. एस.के. वर्मा ने अभिभावकों से अपील की कि यदि उनके पांच वर्ष से कम आयु का कोई बच्चा पहले दिन पोलियो की खुराक नहीं ले पाया है तो घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को अवश्य सहयोग करें और प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाकर पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाएं।
