June 24, 2026

एक दिवसीय फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट तथा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया

रजनी,ऊना, जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), ऊना द्वारा डीआरडीए (DRDA) हॉल, ऊना में एक दिवसीय फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट तथा उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम निटकॉन लिमिटेड (NITCON Limited) के माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें ऊना एवं इसके आस-पास के क्षेत्रों से आए स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह कार्यक्रम उद्योग विभाग की पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को वित्तीय सहायता से संबंधित जानकारी प्रदान करना, विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें उपयुक्त विपणन (मार्केटिंग) प्लेटफॉर्म से जोड़ने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था।
फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट के दौरान महिलाओं ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। प्रतिभागियों के उत्साह, सहभागिता एवं सीखने की प्रवृत्ति से यह स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ कि महिलाएँ आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बैंकिंग सेवाओं, ऋण स्वीकृति प्रक्रिया, विभिन्न सरकारी सब्सिडी एवं प्रोत्साहन योजनाओं, बीमा योजनाओं, उद्यम (Udyam) पंजीकरण तथा डिजिटल एवं ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रियाओं से संबंधित व्यवहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इनमें पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के डिप्टी एलडीएम श्री सुमित कुमार वर्धन, पीएनबी के वरिष्ठ प्रबंधक श्री अंशुल जैन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की डीपीएम सुश्री ज्योति, आरसेटी (RSETI) ऊना के निदेशक श्री सुधीर शर्मा तथा डीआईसी के ईआई (EI) श्री संजय कुमार ने उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
यह कार्यक्रम रैम्प (RAMP) परियोजना के घटक–7 ‘सामाजिक समावेशन (Social Inclusion)’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं की वित्तीय पहुँच को सुदृढ़ बनाना, उन्हें सरकारी योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ना तथा स्थायी आजीविका एवं बाजार संपर्क सुनिश्चित करना था।
यह कार्यक्रम स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त, व्यावहारिक एवं सार्थक पहल सिद्ध हुआ। साथ ही, इसने महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने, वित्तीय संसाधनों तक पहुँच बनाने तथा अपने व्यवसाय को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *