June 21, 2026

सुंदरनगर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया

सुंदरनगर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बाल विकास परियोजना सुंदरनगर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी सुंदरनगर पूनम चौहान ने बताया कि परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें प्रतिभागियों को योग के महत्व तथा नियमित योगाभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि योग प्रशिक्षकों एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, प्राणायाम तथा ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक योग गतिविधियों में भाग लिया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने संतुलित आहार, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए नियमित योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *