उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
- उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
- योगा फॉर हेल्दी एजिंग एवं योग युक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा थीम के साथ जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वर्चुअल संबोधन सुना गया
- योग को स्वस्थ, दीर्घ एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया
- योग दिवस पर पर्यावरण की शुद्धता के लिए क्या पौधारोपण
- भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है योग : राव नरबीर सिंह
नूंह, – 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार सुबह परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन नूंह में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राव नरबीर सिंह ने योग दिवस के अवसर पर पर्यावरण की शुद्धता का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया । इस अवसर पर जिला के सभी खंडों में भी एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया और अंतरराष्ट्रीय थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” के अनुरुप योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वर्चुअल संबोधन सुना तथा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री नरबीर सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों, तपस्वियों एवं महापुरुषों ने योग के माध्यम से अपने जीवन को अनुशासित, स्वस्थ और दीर्घ बनाया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को भी योगी पुरुष कहा गया है तथा भारतीय संस्कृति में योग का विशेष महत्व रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2015 से 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है। आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसके लिए प्रधानमंत्री का समूचा देश आभारी है।
नरबीर सिंह ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही व्यक्ति को बेहतर कार्य करने की शक्ति प्रदान करते हैं। योग न केवल शरीर को निरोग रखता है बल्कि मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और एकाग्रता को भी बढ़ाता है। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने का आग्रह करते हुए कहा कि योग ऐसी जीवनशैली है जिसे बिना किसी विशेष खर्च के घर, विद्यालय, कार्यालय या किसी भी स्थान पर किया जा सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ‘‘योग युक्त हरियाणा-नशा मुक्त हरियाणा’’ अभियान के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। युवाओं को खेल, योग और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा मैराथन, साइक्लोथॉन एवं विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों एवं समाज के सभी वर्गों से युवाओं को सही दिशा देने और नशे के विरुद्ध जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर राव नरबीर सिंह ने जिला प्रशासन, आयुष विभाग, पुलिस विभाग, विभिन्न संस्थाओं तथा योग प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी जिला वासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति,वक्फ बोर्ड हरियाणा के प्रशासक जाकिर हुसैन, पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन, एसीयूटी अमितेज पांगती, एसडीएम कुंवर आदित्य विक्रम, सीटीएम अप्रीतम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, नगर परिषद नूंह चेयरमैन संजय मनोचा, जिला महामंत्री हेमराज शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
