योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली गई योग मैराथन : एडीसी ज्योति
विकसित भारत, स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत और नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
नूंह, आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से योग मैराथन का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने लघु सचिवालय परिसर से योग मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह योग मैराथन लघु सचिवालय से शुरू होकर पुलिस लाइन नूंह तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। मैराथन में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने योग, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योग अभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
पुलिस लाइन पहुंचने पर सभी प्रतिभागियों को जिला फ्लैन कोऑर्डिनेटर कुसुम मलिक ने विकसित भारत, स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। प्रतिभागियों ने देश को विकसित बनाने, स्वच्छता को अपनाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का प्रण लिया।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर योग आज एक वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुका है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से भारत की प्राचीन योग परंपरा को विश्वभर में नई पहचान मिली है। उन्होंने सभी नागरिकों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग मैराथन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी ने योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
