June 12, 2026

सिविल अस्पताल जयसिंहपुर में 3.5 करोड़ रुपये से स्थापित होगी आधुनिक मशीनरी: यादविंद्र गोमा

रोगी कल्याण समिति की बैठक में 33 लाख 47 हजार 500 रुपये का बजट पारित

अस्पताल के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए 55 लाख रुपये मंजूर, दो माह में शुरू होंगे ब्लड बैंक और डायलिसिस यूनिट

जयसिंहपुर, आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल तथा कानून मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि सिविल अस्पताल जयसिंहपुर में लगभग 3.5 करोड़ रुपए की आधुनिक मशीनरी स्थापित की जाएगी, जिसका प्रारूप प्रदेश सरकार को भेज दिया गया है और जल्द ही इसकी मंजूरी करवा दी जाएगी।
यह बात मंत्री ने आज सिविल अस्पताल जयसिंहपुर की रोगी कल्याण समिति की बैठक में भाग लेने के उपरांत कही।

बैठक में सर्वसहमति के साथ आगामी विकास कार्यों के लिए 33 लाख 47 हजार 500 रुपए के बजट को पारित किया गया है, जिससे अस्पताल की प्रशासनिक व स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।

यादविंद्र गोमा ने बैठक के दौरान अस्पताल में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार पर बेहतरीन स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।

उन्होंने कहा कि अस्पताल के सुचारू संचालन और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट हेतु 55 लाख रुपए मंजूर कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त मरीजों को आधुनिक व बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल में 15 लाख रुपए की अल्ट्रासाउंड मशीन और 20 लाख रुपए की लागत से अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर भी स्थापित कर दिया गया है, जिसका सीधा लाभ स्थानीय जनता को मिलना शुरू हो गया है।

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर उन्होंने कहा कि अस्पताल में ब्लड बैंक और डायलिसिस यूनिट की स्थापना का कार्य तीव्र गति से चल रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दो माह के भीतर ब्लड बैंक और डायलिसिस यूनिट को पूरी तरह स्थापित कर क्रियाशील कर दिया जाएगा, ताकि गंभीर मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े।

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत डढ़वाल, नव निर्वाचित जिला परिषद सदस्य लंबागांव अभिलाषा ,तहसीलदार जयसिंहपुर ललित ठाकुर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण सूद तथा खंड विकास अधिकारी सिकंदर कुमार सहित रोगी कल्याण समिति के सभी सरकारी व गैर-सरकारी सदस्य विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *