अकाली नेता पर नाबालिग से छेड़छाड़ और रेप की कोशिश का आरोप, गिरफ्तार
लुधियाना, शिरोमणि अकाली दल के नेता और लुधियाना के मुल्लापुर दाखा हलका इंचार्ज जसकरण जीत देओल के खिलाफ मोहाली में नाबालिग लड़की से कथित छेड़छाड़ और रेप की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद मोहाली पुलिस ने रविवार को आरोपी नेता को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया।
मामले की शिकायत नाबालिग के पिता ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि आरोपी नेता के उनकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे और उसने परिवार की परिस्थितियों का फायदा उठाकर उनकी बेटी के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की।
पीड़िता के पिता के अनुसार आरोपी उनकी बेटी को मोहाली के एक होटल में ले गया, जहां उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की और उसके निजी अंगों से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर कथित तौर पर नाबालिग के साथ मारपीट भी की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने लड़की को धमकाया कि यदि उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो उसे और उसकी मां को घर से निकाल दिया जाएगा।
परिवार के मुताबिक, साल 2023 में रिश्तेदारी के माध्यम से आरोपी का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ था। धीरे-धीरे आरोपी परिवार के करीब आ गया। पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि बाद में आरोपी ने उनकी पत्नी को अपने प्रभाव में ले लिया और वह बेटियों को लेकर मोहाली में उसके साथ रहने लगी। पिता ने बताया कि उनकी बेटी देहरादून के एक स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि दिवाली से पहले आरोपी उसे लेने गया और घर लाने की बजाय मोहाली के एक होटल में ठहराया, जहां कथित तौर पर यह घटना हुई।
पिता के अनुसार 9 मई को उनकी बेटी अचानक घर पहुंची और बेहद डरी-सहमी हुई थी। उसने रोते हुए अपने साथ हुई मारपीट और कथित उत्पीड़न की जानकारी दी। परिवार का दावा है कि घटना के समय लड़की की उम्र करीब साढ़े 14 साल थी। आरोपी को लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
