जोगिन्दर नगर शहरी निकाय चुनाव के सात वार्डों में हुआ 72.48 प्रतिशत मतदान \
सबसे अधिक 81.78 प्रतिशत वार्ड चार जबकि सबसे कम वार्ड छः 61.96 प्रतिशत में हुआ मतदान
जोगिन्दर नगर, 17 मई।
नगर परिषद् जोगिन्दर नगर के सात वार्डों के लिए हुए चुनाव में कुल 72.48 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। सबसे अधिक मतदान 81.78 प्रतिशत वार्ड नंबर पांच चार समलोट जबकि सबसे कम मतदान वार्ड नंबर छः लोअर सेरी में 61.96 प्रतिशत दर्ज हुआ है।
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्धारित शैडयूल के तहत आज प्रातः सात बजे से सांय तीन बजे तक मतदान करवाया गया। जिसमें 72.48 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है।
वार्ड के आधार पर देखें तो वार्ड नंबर एक लक्ष्मी बाजार में कुल 73.73 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिलाओं की भागीदारी 76.33 प्रतिशत जबकि 71.32 प्रतिशत पुरूषों ने मतदान किया। वार्ड नंबर दो गरोडू में कुल 70.29 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है जिसमें महिलाओं ने 71.69 प्रतिशत जबकि पुरूषों ने 68.98 प्रतिशत अपने मत का प्रयोग किया।
इसी तरह वार्ड नंबर तीन में कुल 68.64 प्रतिशत मतदान हुआ जिसमें महिलाओं की भागीदारी 68.22 प्रतिशत तथा पुरूषों की भागीदारी 69.01 प्रतिशत रही। यही नहीं जहां वार्ड नंबर चार समलोट में कुल 81.78 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया जिसमें महिलाओं की 82.79 तथा पुरूषों की भागीदारी 80.70 प्रतिशत रही। तो वहीं वार्ड नंबर पांच अप्पर सेरी में कुल 73.10 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया जिसमें महिलाओं की प्रशितता 74.36 जबकि पुरूषों की 71.67 प्रतिशत भागीदारी रही।
वार्ड नंबर 6 लोअर सेरी में कुल 61.96 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ जिसमें महिलाओं की प्रतिशतता 68.17 जबकि पुरूषों की प्रतिशतता 56.30 प्रतिशत रही। इसी तरह वार्ड नंबर सात शानन में कुल 80.06 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ जिसमें 81.71 प्रतिशत महिलाओं ने तथा 78.42 प्रतिशत पुरूषों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
जोगिन्दर नगर शहरी निकाय के सात वार्डों में हैं कुल 4041 मतदाता
जोगिन्दर नगर शहरी निकाय के सात वार्डों में कुल 4041 मतदाता पंजीकृत हैं जिसमें 2048 पुरूष तथा 1993 महिलाएं शामिल हैं। मतदान के दौरान आज कुल 4041 पंजीकृत मतदाताओं में से 2929 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जिसमें 1440 महिला तथा 1489 पुरूष मतदाता शामिल हैं। वार्ड के आधार पर देखें तो पहले वार्ड में कुल 510 में से 376, वार्ड नंबर दो में कुल 781 मतदाताओं में से 549, वार्ड नंबर तीन में कुल 456 में से 313 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।
इसी तरह वार्ड नंबर चार में कुल 472 मतदाताओं में से 386, वार्ड नंबर पांच में कुल 513 में से 375, वार्ड नंबर छह में कुल 652 में से 404 तथा वार्ड नंबर सात में कुल 657 में से 526 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया।
